कांड्रा में पेड़ से लटका मिला 25 साल के युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी…

Jharkhand: सरायकेला जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र के डुमरा गांव में मंगलवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक भुवनेश्वर मंडल का शव नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना के बाद से गांव में दहशत और सनसनी का माहौल है।
मृतक के पिता का नाम सनातन मंडल बताया गया है। जानकारी के अनुसार युवक गुजरात में काम करता था और करीब 15 दिन पहले ही अपने गांव लौटा था। सोमवार रात वह 9 बजे घर से निकला लेकिन फिर वापस नहीं लौटा।
सुबह कुछ ग्रामीण जब नीम के पेड़ के पास से गुजर रहे थे तो उन्होंने पेड़ पर शव लटका हुआ देखा। तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा और जांच शुरू की।
परिजनों ने बताया कि युवक मदिरा का आदी था। हालांकि यह हत्या है या आत्महत्या इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
डुमरा गांव और आसपास के इलाकों में अवैध महुआ शराब का धंधा खुलेआम फल-फूल रहा है जिसमें युवा वर्ग तेजी से फंसता जा रहा है। शराब की लत और बेरोजगारी के कारण कई युवक मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस और आबकारी विभाग की लापरवाही के कारण गांवों में यह अवैध कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है।

