जमशेदपुर में आवारा कुत्तों का आतंक, 6 वर्षीय बच्ची पर हमला, चेहरे पर लगे 12 टांके…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला गुरुवार को आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-12 में सामने आया जहां मोहल्ले में खेल रही करीब 6 वर्षीय बच्ची तस्बीह पर अचानक एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्ता तेज़ी से झपटा और बच्ची के चेहरे पर बार-बार हमला करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए बच्ची को कुत्ते से छुड़ाया लेकिन तब तक उसका चेहरा खून से भर चुका था। परिजनों ने घायल बच्ची को नजदीकी डॉक्टर के पास पहुंचाया जहां उसके गाल पर 12 टांके लगाए गए। डॉक्टरों ने बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई है हालांकि ठीक होने में समय लगेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने जिला प्रशासन और नगर निगम से तुरंत आवारा कुत्तों को पकड़ने और रोकथाम के उपाय करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।

