1000254518

एशिया कप 2025 की तैयारी में जुटी टीम इंडिया, गिल-यशस्वी-सुदर्शन पर चयनकर्ताओं की नजर…

खबर को शेयर करें
1000254518

Azad Reporter desk: भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन के बाद स्वदेश लौट आई है और अब उसकी नजर एशिया कप 2025 पर टिकी है। यह टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में 9 सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में शुरू होगा जिसमें भारत अपने खिताब का बचाव करेगा।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय चयनकर्ता अगस्त के तीसरे सप्ताह तक 17 सदस्यीय टीम का ऐलान कर सकते हैं। इस बार शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन जैसे युवा बल्लेबाजों को टीम में मौका मिलने की पूरी संभावना है।

IPL में दिखाया दम
•तीनों बल्लेबाजों ने IPL 2025 में शानदार प्रदर्शन किया।
•यशस्वी जायसवाल ने 160 के स्ट्राइक रेट से 559 रन बनाए।
•शुभमन गिल ने 15 मैचों में 155+ स्ट्राइक रेट के साथ 650 रन बनाए।
•साई सुदर्शन ने 156 के स्ट्राइक रेट से 759 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती।

BCCI के एक अधिकारी ने बताया कि पांच हफ्तों के ब्रेक के बाद ये तीनों खिलाड़ी पूरी तरह फ्रेश हैं और टी20 टीम में वापसी के प्रबल दावेदार हैं। चूंकि एशिया कप में सिर्फ 21 दिनों में अधिकतम छह मुकाबले होंगे इसलिए खिलाड़ियों पर अधिक बोझ नहीं पड़ेगा।

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज की उपलब्धता को लेकर अभी संशय बना हुआ है। दोनों को लगातार क्रिकेट खेलने के कारण रोटेशन और वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत रखा गया है। चयन से पहले उनकी फिटनेस की जांच की जाएगी।

अगर भारत एशिया कप के फाइनल (28 सितंबर) तक पहुंचता है तो उसके पास घरेलू टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं रहेगा। भारत को 2 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद में टेस्ट सीरीज खेलनी है। ऐसे में खिलाड़ियों के वर्कलोड और फिटनेस को देखते हुए संतुलित टीम चयन की जरूरत होगी।

टीम इंडिया के सामने अब एशिया कप और टेस्ट सीरीज जैसे बड़े टूर्नामेंट हैं। ऐसे में युवा खिलाड़ियों को मौका देना और सीनियर खिलाड़ियों की फिटनेस का ध्यान रखना चयनकर्ताओं के लिए बड़ी चुनौती है।