1000228294

गैर-शैक्षणिक कामों से थक चुके हैं शिक्षक, पढ़ाई हो रही प्रभावित, शिक्षकों ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन…

खबर को शेयर करें
1000228294

Jharkhand: अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई ने मंगलवार को उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें शिक्षकों ने स्कूल समय में दिए जा रहे गैर-शैक्षणिक कार्यों पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि पढ़ाई का समय कम हो रहा है और निजी खर्च भी बढ़ता जा रहा है।

शिक्षकों ने बताया कि URC/BRC से एक बार में सभी कक्षाओं की किताबें नहीं मिलतीं। ऐसे में उन्हें 3-4 बार वाहन से जाकर किताबें लानी पड़ती हैं लेकिन सरकार केवल 300 रुपये देती है जो खर्च से बहुत कम है।

शिक्षकों ने बताया कि मिड-डे मील (MDM) के चावल की डोर-स्टेप डिलीवरी की व्यवस्था नहीं है। आज भी उन्हें गोदाम से खुद चावल लाना पड़ता है। पहले ठेकेदार के जरिए ये काम होता था लेकिन अब वे कम पैसे की वजह से काम नहीं कर रहे।

संघ ने मांग की कि स्कूलों से संबंधित रिपोर्टें CRP (Cluster Resource Person) के माध्यम से जमा कराई जाएं, ताकि शिक्षक स्कूल छोड़कर URC/BRC के चक्कर न लगाएं।

संघ ने कहा कि पहले गुरुगोष्ठी (शिक्षक प्रशिक्षण) स्कूल के समय में होती थी लेकिन अब इसे स्कूल के बाद कराया जा रहा है। इससे शिक्षकों को अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ रहा है। JCERT के अनुसार प्रशिक्षण 4 बजे तक ही होना चाहिए।

शिक्षकों ने यह भी बताया कि चुनाव आयोग और राज्य सरकार के आदेश के बावजूद जमशेदपुर में अभी भी उन्हें BLO और BLO सुपरवाइजर की जिम्मेदारी दी जा रही है। यह काम स्कूल समय में होता है जिससे पढ़ाई प्रभावित होती है।

शिक्षकों को बच्चों की आंखों की जांच, आधार कार्ड बनवाना, बैंक खाता खोलना, नामांकन अभियान, घर-घर सर्वे, साइकिल वितरण, प्रशिक्षण, फॉर्म भरना और अन्य सरकारी योजनाओं का भी काम करना पड़ता है। इससे न तो वे पढ़ा पा रहे हैं और न ही सरकारी काम ठीक से कर पा रहे हैं।

संघ की मुख्य मांगें:

  1. किताबें और सामग्री स्कूल तक पहुंचाई जाएं।
  2. मिड-डे मील चावल की डोर-स्टेप डिलीवरी सुनिश्चित हो।
  3. रिपोर्ट जमा करने का काम CRP के माध्यम से हो।
  4. शिक्षक प्रशिक्षण स्कूल समय में हो।
  5. BLO का काम शिक्षकों से लिया जाए।

संघ ने कहा कि अगर ये मांगें पूरी होती हैं तो शिक्षक पूरी तरह पढ़ाई पर ध्यान दे सकेंगे और बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल पाएगी। उन्होंने उपायुक्त से जल्द समाधान की अपील की है।