टाटानगर रेलवे स्टेशन की पार्किंग बनी यात्रियों के लिए सिरदर्द, रेल एसपी ने दिया सख्त कार्रवाई का निर्देश…

Jamshedpur news: टाटानगर रेलवे स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था में लगातार मिल रही गड़बड़ियों और मनमानी पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। रेल एसपी ऋषभ गर्ग ने बुधवार को स्टेशन पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और पार्किंग में हो रही अवैध वसूली और दुर्व्यवहार की शिकायतों पर नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान पार्किंग कर्मचारियों को फटकार लगाई गई और GRP को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पिछले कुछ दिनों से यात्रियों और उनके परिजनों से जबरन शुल्क वसूलने और विरोध करने पर दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही थीं।
निरीक्षण के समय जब पार्किंग ठेकेदार को बुलाया गया तो वह मौके से नदारद था। इस पर रेल एसपी ने चाईबासा बस स्टैंड समेत अन्य क्षेत्रों में भी अवैध वसूली पर रोक लगाने का आदेश दिया। पार्किंग में हो रही मनमानी के कारण अब यात्री मजबूरी में स्टेशन से दूर अपने वाहन खड़ा करने लगे हैं।
कांड्रा निवासी आशुतोष वर्मा ने चाईबासा बस स्टैंड में पार्किंगकर्मियों द्वारा दो हजार रुपये मांगने और गाली-गलौज करने की शिकायत प्रभारी एसएसपी से की थी। आशुतोष के अनुसार उन्होंने किसी तरह एक हजार रुपये देकर गाड़ी छुड़ाई। इसके बावजूद आरपीएफ और GRP की ओर से कोई तत्काल कार्रवाई नहीं की गई जिस पर उन्होंने पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की थी।
पार्किंग व्यवस्था को सुधारने के लिए ऋषभ गर्ग ने चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हरिया को पत्र भेजकर स्टेशन पार्किंग में इलेक्ट्रॉनिक बैरियर लगाने सुरक्षा बढ़ाने और कंप्यूटराइज्ड रसीद प्रणाली लागू करने की सिफारिश की है।
रेलवे प्रशासन ने अब पार्किंग क्षेत्र में CCTV कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया है। साथ ही पार्किंगकर्मियों के लिए यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। आरपीएफ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी वसूली पार्किंग क्षेत्र के बाहर नहीं होनी चाहिए।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यदि भविष्य में भी शिकायतें मिलती हैं तो दोषियों पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

