Tata Motors Dispute: बार-बार खराब हो रही टाटा सफारी से परेशान जमशेदपुर के ग्राहक सौरव केसरी का फूटा दर्द और गुस्सा, कोर्ट जाने की दी चेतावनी…

Jamshedpur news: गुरुवार को टाटा सफारी की खराबी को लेकर मानगो स्थित ASL मोटर्स शोरूम में किए गए प्रदर्शन के बाद अब शनिवार यानी आज 5 जुलाई को ग्राहक सौरव केसरी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष फिर से सामने रखा।
दरअसल मामला ये है कि उन्होंने जनवरी 2024 में लगभग 32 लाख रुपये में टाटा सफारी खरीदी थी लेकिन तब से अब तक गाड़ी में बार-बार खराबी आ रही है। अब तक 8-9 बार उन्हें सर्विस सेंटर जाना पड़ा है लेकिन हर बार सिर्फ अस्थायी सुधार कर गाड़ी लौटा दी जाती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिना उनकी अनुमति के गाड़ी की वायरिंग में छेड़छाड़ की गई और अब जबरन गाड़ी रिसीव करने का दबाव डाला जा रहा है। अब सौरव ने साफ कहा कि जब तक कंपनी या डीलर लिखित में यह आश्वासन नहीं देते कि गाड़ी पूरी तरह ठीक है तब तक वे उसे नहीं लेंगे।
उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह साफ चेतावनी दी कि अगर बात नहीं सुनी गई तो वे कोर्ट जाने या ASL मोटर्स के खिलाफ फिर से धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
अब तक कंपनी या शोरूम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है जबकि सोशल मीडिया पर भी लोग इस मामले में कंपनी की कार्यशैली को लेकर नाराज़गी जता रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम ने न सिर्फ एक प्रतिष्ठित वाहन कंपनी की ग्राहक सेवा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं बल्कि यह भी उजागर किया है कि भारी-भरकम कीमत चुकाने के बावजूद ग्राहक आज भी अपनी शिकायतों के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं।


