भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शानदार परफॉर्मेंस! IND W vs ENG W में मंधाना की सेंचुरी और चारणी की कहर भरी गेंदबाज़ी से भारत की धमाकेदार जीत…

Azad Reporter desk/ Sports: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को पहले टी20 मैच में 97 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की मजबूत बढ़त बना ली है। यह जीत शानदार बल्लेबाज़ी और घातक गेंदबाज़ी की बदौलत हासिल हुई।
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए। इस पारी की सबसे बड़ी हीरो रहीं स्मृति मंधाना जिन्होंने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए शतक जड़ा और टीम को मज़बूत स्कोर तक पहुंचाया।
इसके बाद गेंदबाज़ी में भारतीय महिला टीम ने कमाल कर दिया। इंग्लैंड की पूरी टीम 14.5 ओवर में सिर्फ 113 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
स्मृति मंधाना ने अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी से इंग्लैंड के गेंदबाज़ों की एक न चलने दी। उन्होंने बेहतरीन स्ट्रोक्स के साथ मैदान के चारों ओर रन बटोरे और भारत के लिए एक मजबूत नींव रखी।
गेंदबाज़ी में भारत की ओर से श्री चारणी सबसे सफल रहीं। उन्होंने 3.5 ओवर में सिर्फ 13 रन देकर 4 विकेट झटके। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और आक्रामकता ने इंग्लैंड को बैकफुट पर ला दिया।
दीप्ति शर्मा और राधा यादव ने 2-2 विकेट लिए। अमनजोत कौर और अरुणधती रेड्डी को भी 1-1 सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। 10 रन के भीतर ही 2 विकेट गिर चुके थे। कप्तान नैट सीवर ब्रंट ने जरूर 66 रन की जुझारू पारी खेली लेकिन उन्हें कोई खास साथ नहीं मिला। बाकी बल्लेबाज़ या तो सिंगल डिजिट में आउट हुए या दहाई तक भी नहीं पहुंचे।
भारत ने पहले टी20 में इंग्लैंड को 97 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। टीम इंडिया की यह जीत पूरी तरह संतुलित प्रदर्शन का नतीजा रही दमदार बल्लेबाज़ी, सटीक गेंदबाज़ी और शानदार टीमवर्क।


