खरसावां पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य के खिलाफ छात्रों ने खोला मोर्चा, शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव, DC व SP से की शिकायत…

Jharkhand: राजकीय खरसावां पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य उमेश कुमार सिंह के खिलाफ छात्र-छात्राओं ने चेतावनी भरा अभियान शुरू कर दिया है। विद्यार्थियों ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव सरायकेला उपायुक्त तथा सरायकेला पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कई गम्भीर आरोप लगाए हैं।
विद्यार्थियों का आरोप है कि प्राचार्य ने सेमेस्टर परीक्षा का परिणाम तय समय पर नहीं दिखाया और उन्हें उनके मेहनत के अनुरूप अंक देने से इंकार कर दिया। इसके चलते छात्र साल भर की तैयारी व मेहनत को व्यर्थ होता देख रहे हैं।
छात्रों ने यह भी बताया कि प्राचार्य ने कॉलेज के हॉस्टल को बिना कोई औपचारिक सूचना दिए खाली करवा दिया जिससे कई लड़कियों की आवास समस्या गंभीर हो गई। साथ ही बताया गया कि कॉलेज के अंदर आयोजित आंतरिक परीक्षाओं और गतिविधियों से जुड़े रोल नंबर व अंक नहीं दिए गए,m जबकि बाहरी परीक्षाओं में विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
बीते एक वर्ष से प्राचार्य द्वारा मानसिक प्रताड़ना और अपमानजनक बर्ताव की शिकायतें जारी हैं। जब छात्र उनसे सवाल पूछते हैं तो गाली-गलौज के साथ नशे में चूर सुरक्षा गार्ड से पिटवाया जाता है। कई छात्रों ने बताया कि इस तानाशाही रवैये के कारण उनका शैक्षणिक भविष्य संकट में है।
छात्रों की शिकायत मिलते ही जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। सरायकेला के डीसी एवं एसपी ने मामले को संज्ञान में लिया और कॉलेज प्रशासन से विस्तृत जवाब मांगा है। कॉलेज के सभी सेमेस्टर के विद्यार्थियों का कहना है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।

