राजभवन की सख्ती! झारखंड के 4 विश्वविद्यालयों को इंटर में नामांकन पर नोटिस, 3 दिन में मांगी रिपोर्ट…

Jharkhand: नई शिक्षा नीति के उल्लंघन को लेकर झारखंड के चार विश्वविद्यालयों कोल्हान, विनोबा भावे, सिदो-कान्हू मुर्मू और नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय को राजभवन ने कड़ा नोटिस भेजा है। इन विश्वविद्यालयों में इंटरमीडिएट सत्र 2025-27 के लिए जारी नामांकन प्रक्रिया पर आपत्ति जताई गई है। राजभवन ने पूछा है कि जब एनईपी 2020 के तहत कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई बंद करने का निर्देश पहले ही जारी हो चुका है तो फिर यह नामांकन क्यों हो रहा है?
राज्यपाल सचिवालय की संयुक्त सचिव अर्चना मेहता ने विश्वविद्यालयों से 3 दिन के भीतर स्पष्टीकरण और विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इसके बाद विश्वविद्यालयों ने कॉलेजों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि नई शिक्षा नीति के तहत इंटर की पढ़ाई अब केवल प्लस टू स्कूलों या मान्यता प्राप्त इंटर कॉलेजों में ही होनी है। अगर विश्वविद्यालयों ने अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं की तो उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। वहीं शिक्षा विभाग ने भी स्पष्ट कर दिया है कि 2024-26 सत्र के इंटर छात्रों को प्लस टू स्कूलों में शिफ्ट किया जाएगा और इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू हो चुकी है।

