1000252141

SSC परीक्षा रद्द नहीं होगी, लेकिन प्रभावित अभ्यर्थियों को मिलेगा दोबारा मौका, आयोग का बड़ा फैसला…

खबर को शेयर करें
1000252141

Azad Reporter desk: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने चयन पद चरण-13 परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। आयोग के अध्यक्ष एस. गोपालकृष्णन ने साफ किया है कि हाल ही में हुई परीक्षा को रद्द नहीं किया जाएगा। हालांकि जिन अभ्यर्थियों को परीक्षा में तकनीकी कारणों या अन्य अव्यवस्थाओं के चलते उचित अवसर नहीं मिल पाया उनके लिए आयोग दोबारा परीक्षा आयोजित करेगा।

SSC की इस परीक्षा में देशभर के करीब पांच लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। यह परीक्षा 24 जुलाई से 1 अगस्त के बीच 142 शहरों के 194 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस दौरान कई जगहों से सॉफ्टवेयर क्रैश, बायोमेट्रिक सत्यापन में दिक्कत गलत केंद्र आवंटन और परीक्षा रद्द होने जैसी शिकायतें सामने आईं। इन समस्याओं के विरोध में दिल्ली में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन भी किया और सोशल मीडिया पर भी नाराजगी जताई।

आयोग ने परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी एडुक्विटी करियर टेक्नोलॉजी को सभी गड़बड़ियों पर रिपोर्ट देने और समाधान सुनिश्चित करने को कहा है। आयोग के अध्यक्ष ने कहा “हम आंकड़ों का विश्लेषण कर रहे हैं। अगर हमें कोई भी ऐसा अभ्यर्थी मिला जिसे नुकसान हुआ है तो उसके लिए दोबारा परीक्षा कराई जाएगी।”

उन्होंने यह भी माना कि परीक्षा के दौरान तकनीकी गड़बड़ियां और केंद्रों के चयन में अव्यवस्था हुई है। अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि आने वाले महीनों में इन समस्याओं को दूर करने के लिए ठोस योजना बनाई जाएगी और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो इसके लिए कदम उठाए जाएंगे।