सोशल मीडिया दोस्ती बनी मुसीबत : रांची के युवक से जमशेदपुर की महिला ने 3 साल में ठगे 1.45 करोड़ रुपये…

Jharkhand: सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती रांची के एक युवक को भारी पड़ गई। आरोप है कि जमशेदपुर की एक महिला ने तीन साल में युवक से लगभग 1.45 करोड़ रुपये ठग लिए।
अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पुंदाग रोड निवासी संदीप पाटिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि साल 2022 में उसकी पहचान जमशेदपुर कदमा थाना क्षेत्र की सपना सोना से हुई थी। धीरे-धीरे वह उसके परिवार के करीब आ गई और इस दौरान पीड़ित की दो महंगी एसयूवी गाड़ियां भी अपने कब्जे में ले लीं।
शिकायत के अनुसार महिला ने पहले मां के इलाज और भाई की पढ़ाई का बहाना बनाकर लाखों रुपये लिए। इसके बाद शारीरिक संबंधों का झूठा आरोप लगाने और बदनाम करने की धमकी देकर करोड़ों रुपये ऐंठे।
बताया गया कि सपना ने पीड़ित के खाते से करीब 75 लाख रुपये खर्च कराए जिनसे महंगी घड़ियां, हीरे-जेवर और सोने के आभूषण खरीदे गए।
संदीप को शक होने पर उसने महिला की गतिविधियों पर नजर रखी। तब खुलासा हुआ कि सपना का संबंध एक अन्य व्यक्ति जगजीत सिंह से भी है और उससे भी शादी का वादा किया गया है।
अरगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि सपना सोना के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

