1000245878

रांची रेलवे स्टेशन से 6 पैकेट गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, पटना ले जाने की थी योजना…

खबर को शेयर करें
1000245878

Jharkhand: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘नार्कोस’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची रेलवे स्टेशन से 6 पैकेट गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिहार के वैशाली जिला निवासी भूपेश कुमार (37 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार 30 जुलाई की शाम प्लेटफॉर्म संख्या 1A पर जांच अभियान के दौरान RPF को एक संदिग्ध युवक भारी बैग के साथ बैठा मिला। पूछताछ करने पर वह घबरा गया और बैग छोड़कर भागने लगा लेकिन RPF टीम ने उसे ट्रैक पर ही पकड़ लिया।

जब बैग की तलाशी ली गई तो उसमें भूरे प्लास्टिक में पैक कुल छह पैकेट गांजा (A1 से A6) बरामद हुए। परीक्षण में इसकी पुष्टि गांजा के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह गांजा वह ओडिशा के संबलपुर से खरीदकर लाया था और पटना में खपाने की योजना थी।

आरोपी मौर्य एक्सप्रेस (15027) से रांची पहुंचा था और किसी भी वैध दस्तावेज को प्रस्तुत नहीं कर सका। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी और जब्त गांजा को रेल पुलिस को सौंप दिया गया।

इस कार्रवाई में कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर पोस्ट कमांडर की टीम और फ्लाइंग टीम के अधिकारी शामिल थे।