1000247324

GST नोटिस से घबराए जमशेदपुर के छोटे व्यापारी, पान और फल विक्रेताओं तक को नोटिस…

खबर को शेयर करें
1000247324

Jamshedpur news: जमशेदपुर के दर्जनों छोटे व्यापारियों पर कॉमर्शियल टैक्स विभाग की कार्रवाई का साया मंडरा रहा है। विभाग ने 2021 से 2024 तक के डिजिटल पेमेंट (UPI/QR Code) डेटा के आधार पर छोटे कारोबारियों को GST नोटिस भेजे हैं। इन नोटिसों में लाखों रुपये के टैक्स की वसूली की चेतावनी दी गई है।

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि बिष्टुपुर के पान दुकानदारों, भूंजा बेचने वाले ठेलों, फल विक्रेताओं, फूल विक्रेताओं, चाय दुकानदारों और छोटे किराना दुकानों को भी नोटिस थमा दिया गया है। इनका कहना है कि उनका कारोबार केवल छूट प्राप्त वस्तुओं तक सीमित है लेकिन डिजिटल पेमेंट का आंकड़ा देखकर इसे बिजनेस टर्नओवर मान लिया गया है।

व्यापारी संगठनों के अनुसार UPI और QR Code से जुड़ी कई ट्रांजैक्शंस निजी लेन-देन से भी होती हैं। इन्हें भी व्यापार की आय में जोड़कर नोटिस जारी कर दिए गए हैं।बैंक अधिकारियों के मुताबिक जमशेदपुर में डिजिटल पेमेंट का चलन इतना बढ़ गया है कि कई बार एटीएम का उपयोग 2-3 दिनों तक नहीं होता।

कैट (कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) ने इस समस्या को लेकर छोटे व्यापारियों के बीच बैठकें शुरू कर दी हैं ताकि वे स्थिति को सही तरीके से समझकर कार्रवाई कर सकें।

सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा “डिजिटल इंडिया की ओर कदम बढ़ाना सही है लेकिन छोटे व्यापारियों को इस व्यवस्था में परेशान नहीं किया जाना चाहिए। कर्नाटक में भी फल और सब्जी विक्रेताओं को यही दिक्कत आ रही है। सरकार को चाहिए कि छोटे कारोबारियों को राहत देने वाली नीति बनाए।”