हैदराबाद में 10 साल पुराने बंद घर से मिला कंकाल, मौत का राज खोलेगा नोकिया फोन…

Azad Reporter desk: हैदराबाद के नामपल्ली इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब बच्चों को क्रिकेट खेलते समय एक खंडहरनुमा पुराने घर में एक इंसानी कंकाल मिला। यह घर कई सालों से बंद पड़ा था और आसपास के लोगों को भी इसके बारे में कुछ खास जानकारी नहीं थी।
बच्चों की बॉल जब खेल-खेल में उस घर के अंदर चली गई तो वे उसे लेने भीतर घुसे। लेकिन अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए। घर के एक कोने में हड्डियों का कंकाल पड़ा था। कंकाल के आसपास कई पुराने बर्तन बिखरे पड़े थे जिससे अंदाजा लगाया गया कि वह जगह रसोई घर हो सकती है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में यह कंकाल आमिर खान नामक व्यक्ति का निकला, जिसकी उम्र करीब 50 साल थी। बताया जा रहा है कि आमिर इस घर में अकेले रहता था और उसके बाकी परिवार के सदस्य कहीं दूर रहते हैं।
पुलिस को कंकाल के पास से एक पुराना नोकिया मोबाइल फोन और कुछ पुराने नोट भी मिले हैं जो नोटबंदी से पहले के हैं। इससे अनुमान लगाया गया कि यह कंकाल करीब 10 साल पुराना हो सकता है।
पुलिस के अनुसार, शव पर किसी प्रकार की चोट या खून के निशान नहीं हैं जिससे आशंका जताई जा रही है कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई होगी। आमिर के भाई शहदाब ने उसकी अंगूठी और कपड़ों के आधार पर पहचान की पुष्टि की है।
फिलहाल पुलिस ने घर को सील कर दिया है और कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही एक स्पेशल जांच टीम गठित की गई है जो नोकिया फोन के जरिए इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने की कोशिश करेगी।
यह घटना न सिर्फ चौंकाने वाली है बल्कि यह भी सवाल खड़े करती है कि इतने सालों तक किसी को इस मौत की भनक तक नहीं लगी।


