शुभमन गिल बने जुलाई के आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ, बतौर कप्तान पहली टेस्ट सीरीज में रचा इतिहास…

Azad Reporter desk: भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान और युवा स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल को जुलाई 2025 के लिए आईसीसी पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। इंग्लैंड में खेले गए पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए यह सम्मान दिया गया। यह चौथी बार है जब गिल ने यह खिताब जीता है और वे ऐसा करने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं।
सीनियर खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में गिल ने टीम की कप्तानी संभाली और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सीरीज में कुल 754 रन बनाए जिसमें चार शतक शामिल थे। एजबेस्टन टेस्ट में गिल ने 269 और 161 रन की दो बेहतरीन पारियां खेलीं। 430 रन का यह प्रदर्शन एक टेस्ट मैच में ग्राहम गूच (456 रन) के बाद दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।
गिल ने इस उपलब्धि को अपने करियर का खास पल बताया और कहा कि बतौर कप्तान पहली टेस्ट सीरीज में यह पुरस्कार पाना बेहद यादगार है। उन्होंने एजबेस्टन में बनाए दोहरे शतक को अपने करियर का सबसे खास लम्हा बताया।
इस पुरस्कार की दौड़ में गिल ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर वियन मुल्डर को पछाड़ा। इंग्लैंड दौरे पर जुलाई में खेले गए तीन टेस्ट मैचों में गिल ने 94.50 की औसत से 567 रन बनाए। उनके इस प्रदर्शन ने न सिर्फ व्यक्तिगत बल्कि एक कप्तान के तौर पर भी भारतीय क्रिकेट में नई उम्मीदें जगाई हैं।

