पटना में दिल दहला देने वाली घटना : घर में घुसकर दो मासूम भाई-बहन को जिंदा जलाया, दोनों की मौत…

Azad Reporter desk: राजधानी पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर दो मासूम बच्चों को कमरे में बंद कर जिंदा जला दिया जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए।
मृत बच्चों की पहचान 14 वर्षीय अंजलि कुमारी और 12 वर्षीय अंशु कुमार के रूप में हुई है। दोनों एम्स में कार्यरत नर्स शोभा देवी और ललन कुमार गुप्ता के बच्चे थे। घटना के समय माता-पिता घर पर नहीं थे।
जानकारी के मुताबिक दोनों बच्चे स्कूल से लौटकर घर पर आराम कर रहे थे। तभी अज्ञात लोग घर में घुसे दोनों को कमरे में बंद कर आग लगा दी। आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि दोनों को बचाया नहीं जा सका।
स्थानीय लोगों ने जब घर से धुआं निकलते देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर जानीपुर थाना पुलिस और फुलवारी शरीफ के एसडीपीओ दीपक कुमार पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।


