शिवराज सिंह की बड़ी घोषणा: अब फसल की ढुलाई का खर्च उठाएगी सरकार, किसानों को मिलेगा बड़ा फायदा…

Azad Reporter desk: बिहार में रविवार को ‘किसान उत्सव दिवस’ बड़े धूमधाम से मनाया गया। पटना के बापू सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से ऑनलाइन जुड़कर प्रदेश के 73.88 लाख किसानों के खाते में 1515 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। सबसे बड़ी घोषणा यह रही कि अब किसान अपनी फसल को दिल्ली और अन्य बड़े शहरों की मंडियों तक बेचने के लिए ट्रक में भेज सकेंगे और इसका पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। इससे फसल खराब नहीं होगी और किसानों को अपनी उपज का बेहतर दाम मिल सकेगा।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार जल्द ही ‘प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना’ शुरू करने जा रही है जिससे किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस सरकार में एक रुपये में से केवल 15 पैसे ही किसानों तक पहुंचते थे जबकि अब पूरी राशि सीधे उनके खाते में जा रही है।
कृषि मंत्री ने चेतावनी दी कि अगर बीज वितरण में कोई गड़बड़ी या कालाबाजारी पाई गई तो दोषियों को जेल भेजा जाएगा। किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि अब कृषि वैज्ञानिक खुद किसानों के खेतों में जाकर समस्याएं समझेंगे और वहीं पर शोध कर समाधान देंगे। अब कृषि अनुसंधान सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहेगा।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाया जाए ताकि किसान आत्मनिर्भर बनें और सम्मानजनक आय कमा सकें।
इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, रेणु देवी, प्रेम कुमार, नितिन नवीन, किसान आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण मेहता और कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार मौजूद रहे।
सरकार की इन घोषणाओं से उम्मीद की जा रही है कि किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी होगी और उनका भविष्य मजबूत बनेगा।

