Seraikela : कल्याण विभाग के क्लर्क ने फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड नोट बरामद…

Jharkhand: सरायकेला जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। जिला कल्याण विभाग में कार्यरत लिपिक प्रेम चौधरी (59) ने सोमवार की रात अपने सरकारी क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार प्रेम चौधरी गेस्ट हाउस कॉलोनी स्थित सरकारी क्वार्टर में अकेले रहते थे। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं, जो पढ़ाई के सिलसिले में बाहर रहते हैं। अगले वर्ष वे सेवा निवृत्त होने वाले थे।
सोमवार की रात उन्होंने घर के दरवाजे खुले छोड़ दिए और छत में लगी कड़ी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मंगलवार की सुबह घटना की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया।
मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसकी जानकारी फिलहाल पुलिस ने साझा नहीं की है। घटना की जानकारी मिलने पर उप विकास आयुक्त रीना हांसदा भी मौके पर पहुंचीं और पुलिस से पूरी जानकारी ली।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।

