IMG 20250730 WA0018

Seraikela : आदिवासी नेता सुखराम टुडू पर हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार…

खबर को शेयर करें
IMG 20250730 WA0018

Jharkhand: गम्हारिया थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर में आदिवासी नेता सुखराम टुडू पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार (भुजाली) भी बरामद कर लिया है।

28 जुलाई की शाम जब सुखराम टुडू अपने घर के बाहर खड़े थे तभी गांव के ही सुजीत कुमार घोष अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में सुखराम गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह हमला पुरानी रंजिश के कारण किया गया बताया जा रहा है।

घटना के बाद पीड़ित की पत्नी वांगी टुडू ने गम्हारिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने भौतिक, तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए रामचंद्रपुर निवासी सुजीत कुमार घोष और सामु हांसदा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

सामु हांसदा मूल रूप से पोटका थाना क्षेत्र के बासीला गांव का रहने वाला है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हमले में प्रयुक्त लोहे की गुप्ती (भुजाली) को बरामद कर लिया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुणाल कुमार के नेतृत्व में एसआई ललन रविदास, अरुण कुमार महतो और अभय कुमार की टीम शामिल थी। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

बता दें कि सुखराम टुडू ट्राइबल इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (टिक्की) सरायकेला चैप्टर के अध्यक्ष और आदिवासी युवा नेता हैं।

फिलहाल उनकी हालत गंभीर है और उनका इलाज जारी है।