Seraikela-Kharsawan: 130वें संविधान संशोधन के खिलाफ झामुमो ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला…

Seraikela-Kharsawan News: झामुमो कार्यकर्ताओं ने रविवार को सरायकेला के गैरेज चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने 130वें संविधान संशोधन विधेयक को असंवैधानिक बताते हुए केंद्र सरकार का पुतला फूंका और विरोध जताया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि यह संशोधन भारतीय संविधान के उस मूल सिद्धांत का उल्लंघन है जिसमें आरोपी को दोष साबित होने तक निर्दोष माना जाता है।
जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि 130वां संविधान संशोधन लोकतंत्र पर सीधा हमला है और विपक्षी दलों को दबाने की साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पहले ही ईडी का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं खासकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को निशाना बना चुकी है। अब संशोधन के जरिए विपक्ष को डराने का प्रयास किया जा रहा है। महतो ने स्पष्ट किया कि झामुमो इस काले अध्याय का पुरजोर विरोध करेगा और किसी भी कीमत पर झुकने वाला नहीं है।
प्रदर्शन में झामुमो जिला उपाध्यक्ष शेख फरीद, अल्पसंख्यक जिला सचिव मोहम्मद अरशद, संगठन सचिव ग़ालिब सईद खान, नगर अध्यक्ष सैयद सलाउद्दीन, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुदामा हेम्ब्रम, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष जन्नत हुसैन सहित विभिन्न प्रखंडों से सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।


