सरायकेला में जलजमाव से बुरा हाल! रहमत नगर के लोग बने जल कैदी, नालों का गंदा पानी घरों में घुसा…

Jharkhand: सरायकेला जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में जलजमाव की समस्या विकराल हो गई है। लगातार हो रही बारिश और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त न होने के कारण आधा दर्जन वार्डों में लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। सबसे ज्यादा प्रभावित वार्ड संख्या 15 के रहमत नगर के लोग पिछले एक सप्ताह से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
रहमत नगर के करीब दो दर्जन घरों में नालों का गंदा पानी घुस चुका है जिससे लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। इलाके की सड़कें जलमग्न हैं और हर तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार जलभराव की वजह से बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है लेकिन नगर परिषद की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
बताया जा रहा है कि विधायक सविता महतो ने नगर परिषद को दिशा-निर्देश दिए थे कि समय रहते पानी की निकासी की व्यवस्था की जाए लेकिन बावजूद इसके अब तक राहत के कोई इंतजाम नहीं किए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण उन्हें यह दिन देखने को मिल रहा है।
लोगों ने सवाल उठाया है कि बरसात से पहले नगर परिषद ने जरूरी तैयारियां क्यों नहीं कीं? आखिरकार जनता के टैक्स से नगर परिषद कर्मियों को वेतन मिलता है तो क्या जनता को बदले में जलजमाव और बीमारी ही मिलेगी?
स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और वे प्रशासन से तत्काल राहत कार्य शुरू करने की मांग कर रहे हैं।

