Seraikela: कांड्रा में कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, परिवार फंसा, लाखों का नुकसान…

Jharkhand: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई। यह दुकान मेन रोड स्थित अशोक गुप्ता की बिल्डिंग में थी। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कांड्रा हाट बाजार के दुकानदारों ने पहले जोरदार आवाज सुनी और फिर देखा कि दुकान से धुआं निकल रहा है। तुरंत लोगों ने कांड्रा थाना पुलिस और आधुनिक पावर कंपनी को इसकी सूचना दी।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई। बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर एक परिवार भी फंसा हुआ था। हालांकि स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बगल की बिल्डिंग की छत के सहारे सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही आधुनिक कंपनी का फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह दुकान लाहकोठी निवासी बिपिन प्रसाद गुप्ता की थी। आग में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

