झारखंड के इंजीनियरिंग कॉलेजों में सीटें खाली, अब इस तारीख तक ले सकते हैं एडमिशन…

Jharkhand: झारखंड के इंजीनियरिंग कॉलेजों में इस साल पहले चरण की काउंसलिंग के बाद भी कई सीटें खाली रह गई हैं जिनमें बीआईटी सिंदरी जैसे प्रमुख संस्थान भी शामिल हैं। इन खाली सीटों को भरने के लिए झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने दूसरे चरण की काउंसलिंग शुरू कर दी है। इच्छुक छात्र 17 जुलाई तक अपनी पसंद के कॉलेज और ब्रांच के लिए विकल्प भर सकते हैं।
BIT सिंदरी में कुल 347 सीटें अब भी खाली हैं। वहीं राज्य के अन्य सरकारी, PPP मोड और निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों में भी कई सीटें बची हुई हैं। जेईई मेन्स परीक्षा के अंकों के आधार पर राज्य मेरिट लिस्ट तैयार की गई है और इसी के आधार पर छात्रों को एडमिशन दिया जा रहा है।
जो छात्र पहले ही JCECEB में ऑनलाइन पंजीकरण कर चुके हैं और जेईई मेन्स पास कर चुके हैं वे ही इस प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। अगर दूसरे चरण के बाद भी सीटें खाली रह जाती हैं तो तीसरे चरण की काउंसलिंग कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर विशेष काउंसलिंग का आयोजन भी किया जा सकता है।
इस बार पहली बार बोकारो और गोड्डा में खुले राज्य सरकार के इंजीनियरिंग कॉलेजों में भी एडमिशन शुरू हुआ है। इन कॉलेजों को AICTE से मान्यता प्राप्त है और अभी इनके लिए BIT सिंदरी परिसर में ही एडमिशन की प्रक्रिया हो रही है। इन नए कॉलेजों में भी कई सीटें खाली हैं।
इसके अलावा पर्षद ने सरकारी और निजी पॉलिटेक्निक कॉलेजों में भी डिप्लोमा कोर्स के लिए सीटों का आवंटन कर दिया है। इसमें उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग और उद्योग विभाग द्वारा संचालित संस्थान शामिल हैं।
ध्यान रखें!!! छात्र अंतिम तारीख 17 जुलाई से पहले अपने विकल्प जरूर भरें ताकि खाली सीटों पर समय रहते नामांकन लिया जा सके।


