सरायकेला-खरसावां : बनडीह गांव में विवाहित महिला का शव घर में मिला, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस…

Jharkhand: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के बनडीह गांव में मंगलवार सुबह एक विवाहित महिला का शव घर में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अंजली लायक के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि अंजली और उसके पति के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता था। बताया गया कि सोमवार शाम खेत से लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच शराब के लिए पैसे को लेकर झगड़ा हुआ और इसी दौरान पति ने उसकी पिटाई भी की थी।
पुलिस के अनुसार मृतका के पति का कहना है कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी और उसने खुद ही शव को फंदे से उतारा। हालांकि पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।

