भारतीय मूल के सबीह खान बनें Apple के नए COO, जानिए कौन है मुरादाबाद के सबीह खान…

Azad Reporter desk: दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शुमार Apple ने एक अहम फैसला लेते हुए भारतीय मूल के सबीह खान को कंपनी का नया Chief Operating Officer (COO) नियुक्त किया गया है। वर्तमान COO जेफ विलियम्स जो साल 2015 से इस पद पर कार्यरत हैं इस महीने अपने पद से रिटायर्ड कर रहे हैं। उनकी जगह अब सबीह खान कंपनी की कमान संभालेंगे।
सबीह खान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के मूल निवासी हैं जहां उनका जन्म साल 1966 में हुआ था। उनका परिवार मुरादाबाद के प्रतिष्ठित ब्रास एक्सपोर्ट कारोबार से जुड़ा रहा है। उनके दादा यार मोहम्मद खान मुरादाबाद के जानेमाने पीतल व्यापारी रहे हैं। उनके पिता साईद यू. खान जो मूल रूप से रामपुर के रहने वाले थे ने सिंगापुर जाकर अपना व्यापार शुरू किया था।
सबीह खान ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई मुरादाबाद के सेंट मैरी स्कूल से की। पांचवीं कक्षा तक भारत में पढ़ाई करने के बाद उनका परिवार सिंगापुर चला गया जहां से उन्होंने अपनी आगे की पढ़ाई पूरी की और धीरे-धीरे टेक्नोलॉजी और मैनेजमेंट क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई।
सबीह खान करीब 30 वर्षों से Apple कंपनी के साथ जुड़े हुए हैं। फिलहाल वह सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (ऑपरेशंस) के पद पर कार्यरत हैं। कंपनी की वैश्विक सप्लाई चेन, उत्पादन प्रबंधन और डिलीवरी सेवाओं को बेहतर बनाने में उनकी भूमिका बेहद अहम रही है। Apple की प्रोडक्ट क्वालिटी और समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने में उनकी विशेषज्ञता का बड़ा योगदान रहा है।

