MGM थाना क्षेत्र में सड़क हादसा : तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक की मौत, पुलिस शिनाख्त में जुटी…

Jamshedpur news: MGM थाना क्षेत्र के गुड़गुड़ा चौक के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दोपहर करीब 12 बजे एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे जा रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में घायल युवक को राहगीरों की मदद से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
थाना प्रभारी ने कहा कि दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गुड़गुड़ा चौक के पास तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर हादसे होते हैं, लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण की कोई व्यवस्था नहीं है। इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी ने हादसे को होते देखा है या मृतक की पहचान के बारे में कोई जानकारी है तो तुरंत MGM थाना को सूचित करें। अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।

