1000242315

झारखंड में उच्च शिक्षा सुधार!! राज्यपाल का निर्देश एक माह में रिज़ल्ट, समय पर क्लास और दीक्षांत समारोह अनिवार्य…

खबर को शेयर करें
1000242315

Jharkhand: राजभवन में सोमवार को राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में झारखंड की उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए गए।

राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों को समयबद्ध तरीके से परीक्षाएं आयोजित करनी होंगी और परीक्षा समाप्त होने के एक माह के भीतर परिणाम जारी करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही उन्होंने दीक्षांत समारोह समय पर आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में राज्यपाल ने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में नामांकन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाए। उन्होंने शिकायत मिलने पर चेतावनी दी कि शिक्षक नियमित रूप से कक्षाएं लें और कुलपति स्वयं भी कक्षा लेकर प्रेरणा दें।

राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों को रैंकिंग सुधारने, वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व को सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की बात कही।

सुरक्षा को लेकर उन्होंने छात्रावास, पुस्तकालय और परिसर में सीसीटीवी, सुरक्षा गार्ड और एंटी-रैगिंग सेल को सक्रिय करने का निर्देश दिया। साथ ही प्लेसमेंट सेल को औपचारिकता से बाहर निकालकर सक्रिय रूप से कार्य करने को कहा।

बैठक में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति, न्यायालय में लंबित मामलों का त्वरित समाधान, मास्टर प्लान तैयार करने और जर्जर भवनों के उपयोग से बचने के निर्देश भी दिए गए।

राज्यपाल ने कहा कि तीन माह बाद फिर से समीक्षा बैठक होगी जिसमें अब तक के कार्यों की प्रगति देखी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से झारखंड को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आदर्श राज्य बनाया जा सकता है।