1000218630

झारखंड में ANM के 3181 पदों पर भर्ती, JSSC ने जारी किया विज्ञापन, जाने पूरी डिटेल्स…

खबर को शेयर करें
1000218630

Jharkhand: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (एएनएम) के 3181 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है। इनमें 3020 पद नियमित और 161 पद बैकलॉग रिक्तियों के लिए हैं। आयोग द्वारा एएनएम प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी तिथियां जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएंगी। अभ्यर्थी केवल उन्हीं योग्यता और आयुसीमा के आधार पर आवेदन कर सकते हैं जो आयोग द्वारा जारी विवरणिका में दी गई हो।

भर्ती के तहत सभी जिलों में नियमित पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। रांची में 245, पूर्वी सिंहभूम में 172, पश्चिमी सिंहभूम में 200, दुमका में 214, गुमला में 203, पलामू में 180, गढ़वा में 131, बोकारो में 130, हजारीबाग में 127, पाकुड़ में 126, साहिबगंज में 98, खूंटी में 96, देवघर में 92, चतरा में 84, जामताड़ा में 117, गिरिडीह में 72, लातेहार में 60, लोहरदगा में 55, कोडरमा में 54, सिमडेगा में 150, धनबाद में 134, रामगढ़ में 63 और सरायकेला-खरसावां में 95 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। वहीं बैकलॉग के 161 पदों में सबसे अधिक रिक्तियां गिरिडीह जिले में 83 पदों की हैं। इसके अलावा लातेहार में 15, पलामू में 15, गोड्डा में 13, सरायकेला-खरसावां में 13, दुमका में 12, पश्चिमी सिंहभूम में 9 और साहिबगंज में 1 पद बैकलॉग श्रेणी के अंतर्गत हैं।

परीक्षा शुल्क की बात करें तो सामान्य और पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क ₹100 निर्धारित किया गया है जबकि झारखंड राज्य के अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए यह ₹50 रहेगा। राज्य के 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों को शुल्क में छूट दी जाएगी। वहीं यदि कोई अभ्यर्थी गलत कोटि में आवेदन कर रियायती शुल्क का लाभ उठाता है तो उसका आवेदन रद्द कर दिया जाएगा और उसकी अभ्यर्थिता समाप्त मानी जाएगी।

यह परीक्षा जेएसएससी द्वारा एक ही चरण में मुख्य परीक्षा के रूप में ली जाएगी। परीक्षा CBT (कंप्यूटर आधारित टेस्ट) या ओएमआर आधारित हो सकती है। यह परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रकार की होगी जिसमें सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और नकारात्मक अंक नहीं काटे जाएंगे। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में ली जाएगी। कुल 50 प्रश्न पूछे जाएंगे जिन्हें हल करने के लिए एक घंटे यानी 60 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा में न्यूनतम अर्हतांक तय किए गए हैं। अनारक्षित वर्ग के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत, अनुसूचित जाति/जनजाति व महिलाओं के लिए 32 प्रतिशत, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (अनुसूची-1) के लिए 34 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग (बीसी-2) के लिए 36.5 प्रतिशत और आदिम जनजाति वर्ग के लिए 30 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। हालांकि, पांच वर्ष से अधिक संविदा पर कार्य कर चुके कर्मियों को न्यूनतम अर्हतांक के नियम में छूट दी जा सकती है।

लिखित परीक्षा के आधार पर एक मेधा सूची तैयार की जाएगी। यह सूची लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों, शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी प्रशिक्षण और सरकारी अस्पतालों में कार्यानुभव के आधार पर बनाई जाएगी। लिखित परीक्षा में अधिकतम 50 अंक, तकनीकी प्रशिक्षण के लिए 10 अंक, शैक्षणिक योग्यता के लिए 40 अंक और कार्यानुभव के लिए 50 अंक निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 150 अंकों के आधार पर अभ्यर्थियों की रैंक तय की जाएगी। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों को न्यूनतम अर्हतांक से कम अंक प्राप्त होंगे उन्हें मेधा सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।

जो भी अभ्यर्थी इस भर्ती में हिस्सा लेना चाहते हैं उन्हें आयोग की वेबसाइट पर नजर बनाए रखनी चाहिए जहां जल्द ही आवेदन की तारीखें और विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।