1000238932

राजस्थान स्कूल हादसा : बच्चों ने कहा छत गिर रही है, टीचर ने डांट दिया, 7 मासूमों की गई है जान…

खबर को शेयर करें
1000238932

Azad Reporter desk: राजस्थान के झालावाड़ जिले के पिपलोदी गांव के सरकारी स्कूल में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बारिश के दौरान जर्जर स्कूल की छत गिरने से 7 बच्चों की मौत हो गई और 9 गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में बची आठवीं कक्षा की छात्रा टीना ने बताया कि छत से कंकड़ और पानी गिर रहा था। उसने बाहर खड़े शिक्षक जावेद को बताया तो उन्होंने डांटकर चुप करा दिया। कुछ ही देर बाद छत गिर गई और 35 बच्चे मलबे में दब गए। हादसे के समय दोनों शिक्षक बाहर खड़े होकर बात कर रहे थे।

73 बच्चों वाले इस स्कूल की इमारत लंबे समय से खराब हालत में थी। छत से पानी टपकने की शिकायत कई बार की गई थी लेकिन कोई मरम्मत नहीं हुई। हादसे में दो सगे भाई-बहन कान्हा (7) और मीना (13) की भी मौत हो गई।

हादसे के बाद अधिकारियों में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। जिला कलेक्टर का कहना है कि जर्जर भवन में पढ़ाई नहीं होनी चाहिए थी जबकि शिक्षा विभाग का कहना है कि स्कूल ने जर्जर भवन की जानकारी नहीं दी।

गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और मृतक बच्चों के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग की। पुलिस को हालात संभालने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि 1994 में बने इस स्कूल की छत चार साल से टपक रही थी। शिकायत करने पर अधिकारियों ने कहा था कि गांव वाले खुद पैसे इकट्ठा करके मरम्मत करा लें।

इस दर्दनाक हादसे ने सरकारी स्कूलों की सुरक्षा और जिम्मेदारी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।