झारखंड में बारिश का कहर, 5 जिलों में येलो और 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी…

Jharkhand: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। पश्चिम बंगाल में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर झारखंड पर दिखने लगा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार रात से जमशेदपुर में हो रही मूसलधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने बुधवार को 1 दिन के लिए सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का आदेश जारी किया। स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है।
पूर्वी सिंहभूम जिले में जुलाई महीने में अब तक 805 मिमी बारिश हो चुकी है जो सामान्य 320 मिमी से ढाई गुना ज्यादा है। रांची में 684 मिमी और सरायकेला-खरसावां में 645 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
येलो अलर्ट यानी भारी बारिश और वज्रपात की संभावना :
रांची, रामगढ़, खूंटी, लोहरदगा, पलामू, चतरा, लातेहार, कोडरमा और हजारीबाग। इन जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी:
पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गुमला और सिमडेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून ट्रफ अमृतसर, चंडीगढ़, नजीबाबाद, शाहजहांपुर, कानपुर होते हुए डालटनगंज से होकर बंगाल की ओर बढ़ रही है। साथ ही एक लो प्रेशर सिस्टम पश्चिम बंगाल से झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है। इससे राज्य में बारिश और तेज होगी। एक अन्य ट्रफ रेखा पश्चिमी असम से तेलंगाना तक फैली हुई है।
पिछले 24 घंटों में पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में सबसे अधिक 83.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। पूरे झारखंड में अब तक औसतन 453.5 मिमी वर्षा हो चुकी है जो सामान्य 274.9 मिमी से करीब 65% ज्यादा है।
झारखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश की तीव्रता बनी रह सकती है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

