जमशेदपुर में बारिश ने खोली नगर निकायों की पोल, नाले जाम, अब तक सफाई नहीं…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में हाल की बारिश ने नगर निकायों की लापरवाही को पूरी तरह उजागर कर दिया है। यहां का ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है। बस्तियों, अपार्टमेंटों और घरों में पानी घुस गया लेकिन नगर निकायों से कोई मदद नहीं मिली। लोग मदद के लिए कॉल करते रहे लेकिन अधिकारियों ने फोन उठाना भी जरूरी नहीं समझा। कई वरिष्ठ अधिकारियों ने तो फोन ही स्विच ऑफ कर दिया था।
बारिश थमने के बाद भी अब तक नालों की सफाई शुरू नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासनिक अधिकारियों ने समय रहते निगरानी की होती तो मई तक नाले साफ हो गए होते। लेकिन जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर पालिका सभी जगह हालात लगभग एक जैसे हैं।
जमशेदपुर और मानगो की जिम्मेदारी उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार के पास है। मार्च से लगातार मीटिंग हो रही है लेकिन नतीजा शून्य है। सोमवार को मानगो में फिर से मीटिंग कर सफाई के निर्देश दिए गए लेकिन ज़मीनी स्तर पर कोई काम नहीं दिखा। इसके चलते वारिस कॉलोनी, चाणक्यपुरी, दाईगुट्टू, कृष्णा नगर डिमना रोड सहित कई इलाकों में गंदा पानी भरा रहा।
गुरुवार को जब बारिश तेज़ हुई तो लोगों ने नगर निगम से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन फोन नहीं उठे। कुछ ने स्थानीय नेताओं से मदद मांगी तब जाकर अधिकारी सक्रिय हुए। हालांकि सफाई कर्मी नदारद रहे। बहाना बनाया गया कि बारिश के कारण लेबर नहीं आ सके। शुक्रवार को कहा गया कि सिर्फ तीन सफाई कर्मी आए हैं इसलिए काम नहीं हो पा रहा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम नाले की सफाई को लेकर गंभीर नहीं है और बार-बार “लेबर नहीं है” का बहाना बनाकर जिम्मेदारी से बच रहा है। जनता परेशान है लेकिन सुनवाई कहीं नहीं हो रही।

