1000235388

RAILWAYS: अब स्टेशन पर लाइन में लगने की जरूरत नहीं, टीटीई से तुरंत मिलेगा जनरल टिकट…

खबर को शेयर करें
1000235388

Azad Reporter desk: रेलवे यात्रियों के लिए खुशखबरी है। अब जनरल टिकट के लिए लंबी लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रेलवे ने एक नई सुविधा की शुरुआत की है जिसके तहत यात्री स्टेशन पर घूमते-फिरते टीटीई से ही टिकट ले सकेंगे। इसके लिए टीटीई को एम-यूटीएस (M-UTS) नाम का खास उपकरण दिया जाएगा जिससे वो तुरंत टिकट प्रिंट कर यात्रियों को दे सकेंगे।

यह सुविधा छोटे हॉल्ट स्टेशनों पर भी मिलेगी जैसे भूली और धोखरा स्टेशन। रेलवे बोर्ड ने देश के पांच ज़ोन में आने वाले सभी हॉल्ट स्टेशनों पर 30 मार्च 2026 तक यह सेवा शुरू करने का आदेश दिया है।

यात्री को टीटीई को बस ट्रेन का नाम, गंतव्य स्टेशन और यात्रा की श्रेणी (पैसेंजर, एक्सप्रेस या सुपरफास्ट) बताना होगा। टीटीई अपने हाथ में मौजूद एम-यूटीएस मशीन से वहीं पर जनरल टिकट प्रिंट कर देगा।

अब हॉल्ट स्टेशन पर काम करने वाले ठेकेदारों को भी यह मशीन दी जाएगी। पहले ये ठेकेदार बड़े स्टेशन से टिकट रोल लाते थे लेकिन अब वे वहीं पर टिकट प्रिंट कर सकेंगे। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।

एम-यूटीएस मशीन का सफल उपयोग सबसे पहले प्रयागराज के कुंभ मेले में किया गया था। इसके बाद यह सेवा श्रावणी मेले में भी बड़े स्तर पर दी जा रही है जहां टीटीई और टिकट स्टाफ यात्रियों को मोबाइल मशीन से ही टिकट दे रहे हैं।

एम-यूटीएस एक मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग सिस्टम है जिससे कहीं से भी बिना काउंटर पर जाए जनरल टिकट जारी किया जा सकता है। यह मशीन टीटीई के हाथ में होती है और इसमें एक छोटा प्रिंटर लगा होता है जिससे टिकट तुरंत निकलकर मिल जाता है।

फायदा क्या होगा?
•टिकट काउंटर पर भीड़ नहीं होगी
•यात्रियों को लाइन में नहीं लगना पड़ेगा
•छोटे स्टेशनों पर भी आसानी से टिकट मिल सकेगा
•टीटीई कहीं भी टिकट दे सकेंगे

रेलवे की इस पहल से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और टिकट लेने की प्रक्रिया पहले से आसान और तेज हो जाएगी।