1000206576
|

गिरफ्तारी पर उठा सवाल: टेल्को पुलिस पर झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप, परिजनों ने की CBI जांच की मांग…

खबर को शेयर करें
1000206576

Jamshedpur news: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के मनीफिट निवासी युवक प्रदीप शर्मा की गिरफ्तारी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जहां पुलिस ने उसे शादी समारोह में फायरिंग सहित कई मामलों में वांछित बताते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है वहीं युवक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदीप को झूठे मामले में फंसाया गया है। परिजनों ने इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।

परिजनों का कहना है कि टेल्को पुलिस ने तीन दिन पहले बिना किसी स्पष्ट वजह के प्रदीप को हिरासत में लिया। इसके बाद उसे बिरसानगर थाना में रखा गया, जहां पूछताछ के नाम पर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। परिजनों का आरोप है कि उन्हें तीन दिनों तक यह जानकारी तक नहीं दी गई कि प्रदीप कहां है। जब वे थाने पहुंचे तो देखा कि प्रदीप के शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे।

बाद में पुलिस ने प्रदीप के पास से दो देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद होने का दावा करते हुए उसे रविवार को जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए परिजनों ने कहा कि क्या गिरफ्तारी से पहले एफआईआर दर्ज की गई थी? क्या मेडिकल जांच कराई गई? क्या हथियारों की बरामदगी निष्पक्ष गवाहों की मौजूदगी में हुई?

परिजनों ने कहा कि अगर प्रदीप वाकई दोषी है तो उसके खिलाफ कानूनन सख्त कार्रवाई हो लेकिन जांच निष्पक्ष एजेंसी द्वारा होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए और हिरासत में प्रताड़ना के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच हो।

वहीं पुलिस का कहना है कि प्रदीप शर्मा के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं और उसके पास से अवैध हथियार बरामद हुए हैं। जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।