टाटानगर में वंदे भारत ट्रेन के लिए जमीन खाली कराने की तैयारी, मखदुमपुर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बुधवार से होगी शुरू…

Jamshedpur news: टाटानगर में वंदे भारत ट्रेन के कोचिंग डिपो और नई रेल लाइन बिछाने की योजना को लेकर रेलवे अब सख्त रुख अपनाने जा रहा है। इसके तहत परसुडीह के मखदुमपुर इलाके में बुधवार से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा। रेलवे की जमीन पर बने कच्चे मकानों को पहले ही चिन्हित कर नोटिस दिया जा चुका है लेकिन अधिकतर लोगों ने अब तक जमीन खाली नहीं की है।
रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग का कहना है कि यह जमीन वंदे भारत ट्रेन की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए जरूरी है। इस कारण अब अवैध निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। आरपीएफ यानी रेलवे सुरक्षा बल की निगरानी में यह अभियान चलेगा, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
इसी तरह लोको कॉलोनी क्षेत्र में भी वाशिंग लाइन बनाने की योजना है। यहां भी करीब दो सौ लोगों को नोटिस दिया गया है। यदि तय समय में जमीन खाली नहीं की गई तो वहां भी जल्द ही अतिक्रमण हटाया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह कदम जनहित में उठाया जा रहा है और यह रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए जरूरी है। हालांकि कई स्थानीय लोग अब भी असमंजस की स्थिति में हैं और कार्रवाई को लेकर चिंतित हैं।

