1000218067

Potka: मानपुर में डायरिया का कहर, 25 से अधिक लोग प्रभावित, स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय…

खबर को शेयर करें
1000218067

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत मानपुर गांव में डायरिया फैलने से हड़कंप मच गया है। अब तक 25 से अधिक लोग डायरिया से पीड़ित पाए गए हैं जिनका इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए कई गांवों में जांच शिविर और दवा वितरण का कार्य शुरू कर दिया है।

लगातार हो रही बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है जिससे दूषित पानी पीने से डायरिया फैलने की आशंका जताई जा रही है। सीएचसी प्रभारी डॉ. रजनी महाकुड़ ने बताया कि जैसे ही डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ी, तुरंत कई मेडिकल टीमों का गठन कर गांव-गांव में जांच और दवा वितरण का काम शुरू कर दिया गया।

जहां भी लूज मोशन या बुखार की शिकायत आई वहां तुरंत टीम भेजकर इलाज की व्यवस्था की गई। फिलहाल डायरिया से ग्रसित अधिकतर मरीजों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। कुछ नए मरीज भी अस्पताल पहुंच रहे हैं जिनका समुचित उपचार जारी है।

जानकारी के मुताबिक डायरिया की रोकथाम के लिए सभी गांवों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जा रहा है। खासकर कुएं और जलजमाव वाली जगहों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सभी सहियाओं को ब्लीचिंग पाउडर उपलब्ध करा दिया गया है और उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द छिड़काव का कार्य पूरा करें।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार कैंप लगाए जा रहे हैं जिससे स्थिति अब नियंत्रण में है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि साफ पानी का ही उपयोग करें और किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।