झारखंड की संथाली फिल्म ‘सुंडी’ का कॉन्स फिल्म फेस्टिवल में पोस्टर लॉन्च, राज्य की लोककथा को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच…

झारखंड: झारखंड के लिए गर्व की खबर है। फ्रांस में आयोजित 78वें कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 में झारखंड की एक लोककथा पर आधारित संथाली फिल्म ‘सुंडी: रॉबिनहुड ऑफ संथाल्स’ का पोस्टर 18 मई को लॉन्च किया गया। यह फिल्म पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ क्षेत्र के सुंडीसोल गांव की सच्ची घटना पर आधारित है।
फिल्म के निर्माता और निर्देशक कृष्णा सोरेन हैं जो FTII पुणे से पढ़े हैं। उन्होंने बताया कि यह फिल्म एक ऐसे संथाली युवक की कहानी है जो समाज में हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है और जरूरतमंदों की मदद करता है। फिल्म में संथाली समाज की संस्कृति संघर्ष और एकता को दिखाया गया है।
फिल्म की शूटिंग घाटशिला, धालभूमगढ़, सोनाखून और जमशेदपुर के आसपास के इलाकों में होगी। इसे संथाली और हिंदी भाषा में बनाया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख सकें।फिल्म का निर्माण Dalma Motion Pictures Pvt. Ltd., Safed Haathi Motion Pictures और Sawnta Studio LLP द्वारा किया जा रहा है।
सह-निर्देशक की भूमिका में रवि राज मुर्मू हैं। कृष्णा सोरेन ने झारखंड सरकार से अपील की है कि राज्य में जनजातीय भाषाओं की फिल्मों को बढ़ावा मिले और उन्हें आर्थिक सहायता दी जाए ताकि झारखंड की कहानियां देश-दुनिया तक पहुंच सकें।यह फिल्म न केवल एक लोककथा है बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का एक महत्वपूर्ण कदम भी है।

