चाईबासा के मनोहरपुर डाकघर रिश्वतकांड में पोस्ट मास्टर गिरफ्तार, विभाग में मचा हड़कंप…
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर डाकघर में रिश्वतखोरी के एक गंभीर मामले ने डाक विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पोस्ट मास्टर दिलीप सिंह मीना को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने मंगलवार को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही विभाग में हड़कंप मच गया।
बुधवार को डाक विभाग के सब डिविजनल इंस्पेक्टर (SDI) रोहित वर्मा मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूछताछ की। उन्होंने दस्तावेजों की जांच कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान डाकघर का कामकाज पूरी तरह ठप रहा, जिससे आम लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
हालात को देखते हुए असिस्टेंट कर्मचारी मंगला चरण पान को अंतरिम प्रभारी पोस्ट मास्टर नियुक्त किया गया है। उम्मीद है कि गुरुवार से डाकघर का संचालन सामान्य रूप से शुरू हो जाएगा।
जानकारी के अनुसार, विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि डाकघर में पहले से ही अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन इस बार मामला गिरफ्तारी तक पहुंच गया। अब यह देखा जाना बाकी है कि जांच में और क्या खुलासे होते हैं तथा विभाग इस घटना के बाद अपनी छवि सुधारने के लिए क्या कदम उठाता है।


