सूर्या हांसदा मुठभेड़ मामले पर सियासी संग्राम, विधायक जयराम महतो ने की सीबीआई जांच की मांग…

Jharkhand: गोड्डा जिले के बोआरिजोर ललमटिया क्षेत्र में हुए सूर्या हांसदा मुठभेड़ मामले ने झारखंड की राजनीति में हलचल मचा दी है। इस घटना को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JKLM) के डुमरी विधायक जयराम महतो ने गंभीर सवाल उठाए हैं।
शनिवार को महागामा ऊर्जानगर से राजमहल हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में जयराम महतो ने कहा कि मुठभेड़ संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि जनता को न्याय और पारदर्शिता चाहिए। अगर इस घटना की स्वतंत्र जांच नहीं कराई गई तो लोगों का भरोसा पुलिस और प्रशासन से उठ सकता है। इसी कारण उन्होंने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की।
महतो ने आगे कहा कि यदि पुलिस और प्रशासन पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष जांच कराएंगे तो इससे उनकी साख और भी मजबूत होगी।
इस मौके पर परिमल ठाकुर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

