नगर निकाय चुनाव में सियासी सरगर्मी तेज : बन्ना गुप्ता का अपनी पत्नी के लिए जनसंपर्क अभियान तेज, क्या फिर होगी बाबर खान की AIMIM में वापसी? मानगो से जुगसलाई तक प्रत्याशियों का प्रचार रफ्तार पर

नगर निकाय चुनाव को लेकर मानगो और जुगसलाई क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। जनसभाएं, पदयात्राएं और घर-घर जनसंपर्क अभियान से पूरा इलाका चुनावी रंग में रंगा नजर आ रहा है।
मानगो में शुक्रवार को रहमान लॉज के पास जेबा खान की ओर से जनसभा का आयोजन किया गया जहां बड़ी संख्या में लोग जुटे। सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने जनता से जेबा खान के प्रति मतदान करने की अपील की।
इसी क्रम में नगर निगम चुनाव को लेकर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता भी पूरी तरह चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। उन्होंने अपनी पत्नी और मानगो नगर निगम मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता के समर्थन में जवाहर नगर रोड नंबर-17 में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से विकास की गति को और तेज किया जाएगा।
मानगो मेयर पद की प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने पदयात्रा कर जनता से सीधा संवाद किया। उन्होंने वादा किया कि मानगो और जमशेदपुर के कंपनी क्षेत्र में किसी प्रकार का अंतर नहीं रहने दिया जाएगा और अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत नागरिक सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी।
मानगो की राजनीति में इस बीच नया मोड़ भी देखने को मिला है। नगर निगम मेयर प्रत्याशी जेबा कादरी ने कहा कि बाबर खान ने उन्हें अपना समर्थन दिया है। वहीं जेबा कादरी ने बाबर खान की बेटी और वार्ड नंबर-25 से पार्षद पद की प्रत्याशी कैकशा खानम को समर्थन देने की घोषणा की।
इसके साथ ही बाबर खान ने AIMIM पार्टी में दोबारा शामिल होने को लेकर पुनर्विचार करने की बात भी रखी है।
दूसरी ओर जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में भी प्रचार अभियान तेज हो गया है। अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह ने जनसंपर्क अभियान के दौरान कहा कि “विकास की नई ईंटें जोड़कर क्षेत्र का उज्ज्वल भविष्य गढ़ेंगे।” उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक अभियान में शामिल नजर आए।
जुगसलाई के वार्ड नंबर-12 से दीपक अग्रवाल रामूका ने भी जनसेवा और विकास के संकल्प के साथ अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।
वहीं जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की उम्मीदवार जसप्रीत कौर ने अपनी दावेदारी वापस लेने की घोषणा की है। इसके बाद भाजपा समर्थित उम्मीदवार रिंकू सिंह ने जसप्रीत कौर के आवास जाकर उनसे मुलाकात की।
इधर चेयरमैन पद को लेकर कांग्रेस ने इंदू देवी को समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है। जिला अध्यक्ष की ओर से इंदू देवी का अभिनंदन भी किया गया।
इस तरह मानगो से लेकर जुगसलाई तक नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। जनसभाओं, पदयात्राओं और समर्थन की घोषणाओं के बीच अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में कौन से राजनीतिक समीकरण बनते और बिगड़ते हैं।


