ड्यूटी पर लौटते वक्त सड़क हादसे में पुलिस जवान की मौत, कुछ दिन पहले ही हुआ था दूसरे बेटे का जन्म…

Jharkhand: सरायकेला-खरसावां जिले में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में पुलिस जवान की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक सरायकेला थाना क्षेत्र के हंसाउड़ी पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार आरक्षी कमल किशोर बोंगबोंगा (36) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ जब वह ड्यूटी पर लौट रहे थे।
आरक्षी को गंभीर हालत में सदर अस्पताल सरायकेला ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कमल किशोर पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के मालूका गांव के निवासी थे और सरायकेला के दुगनी पुलिस केंद्र में तैनात थे। बीते 4 जून को उनके घर पुत्र रत्न का जन्म हुआ था। 14 जून को वे छुट्टी लेकर अपने नवजात बेटे को देखने गांव गए थे।
15 जून की रात वे बाइक (नंबर: JH06J 7360) से सरायकेला लौट रहे थे ताकि 16 जून को ड्यूटी जॉइन कर सकें। इसी दौरान यह हादसा हुआ। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
कमल किशोर बोंगबोंगा अपने पीछे पत्नी, 6 साल के बेटे और 10 दिन के नवजात बेटे को छोड़ गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन की तलाश जारी है।