Parliament Monsoon Session: पहले ही दिन संसद में जमकर हंगामा, ऑपरेशन सिंदूर से लेकर जस्टिस वर्मा तक छाए रहे बड़े मुद्दे, जानें क्या– क्या हुआ…

Azad Reporter desk: संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हुआ जो 21 अगस्त तक चलेगा। पहले ही दिन संसद का माहौल काफी गरम रहा। जैसे ही सत्र की कार्यवाही शुरू हुई विपक्ष ने ऑपरेशन सिंदूर और बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोल दिया। लोकसभा और राज्यसभा दोनों ही सदनों में विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी की और वेल तक पहुंच गए जिसके कारण कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
पहले दिन संसद में एक और बड़ा मुद्दा जस्टिस यशवंत वर्मा को लेकर उठा। इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस वर्मा के घर से जले हुए 500 के नोटों का ढेर मिलने के बाद उनके खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। सोमवार को सत्तापक्ष और विपक्ष के करीब 200 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
इस बीच विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्हें बतौर नेता प्रतिपक्ष बोलने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि वह केवल दो शब्द बोलना चाहते थे लेकिन सरकार ने उन्हें रोका। राहुल गांधी ने इसे लोकतंत्र के नियमों के खिलाफ बताया और कहा कि संसद में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है।
राज्यसभा में भी हंगामे का माहौल रहा जहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग को लेकर नोटिस दिया। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पूरा विपक्ष सरकार के साथ खड़ा था लेकिन अब तक हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई है जो चिंता की बात है।
वहीं सत्ता पक्ष की ओर से जेपी नड्डा ने पलटवार करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा जरूर होगी और यह ऑपरेशन आज़ादी के बाद सबसे प्रभावी अभियानों में से एक था। बाद में बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में तय किया गया कि लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर 16 घंटे और राज्यसभा में 9 घंटे चर्चा के लिए समय दिया जाएगा। सरकार की ओर से संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष को चाहिए कि वो नियमों के तहत अपनी बात रखे।
पहले ही दिन से साफ हो गया है कि यह मानसून सत्र काफी गर्मागर्म रहने वाला है जहां विपक्ष हर मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है और सरकार अपनी योजना और उपलब्धियों को लेकर डटकर जवाब देने के मूड में।


