1000228298

PAN PAN PAN!! पायलट ने कहा ये तीन शब्द और हुई दिल्ली-गोवा फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, जानें इसका मतलब…

खबर को शेयर करें
1000228298

Azad Reporter desk: दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट 6E 6271 की सोमवार रात मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई थी। इस दौरान विमान में कुल 191 यात्री सवार थे।

पायलट ने खतरे का संकेत देने के लिए ‘PAN PAN PAN’ का संदेश कंट्रोल टावर को भेजा जिसके बाद मुंबई एयरपोर्ट को अलर्ट कर दिया गया। रात 9:25 बजे यह संदेश भेजा गया और रात 9:52 बजे फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग करवा दी गई।

‘PAN PAN PAN’ एक इमरजेंसी कोड है जो तब इस्तेमाल किया जाता है जब विमान को तत्काल खतरा तो नहीं होता लेकिन कोई तकनीकी समस्या या गड़बड़ी सामने आती है जिसके लिए तुरंत ध्यान देना जरूरी होता है।

यह ‘MAYDAY’ से कम गंभीर स्थिति को दर्शाता है। ‘PAN’ शब्द फ्रेंच शब्द ‘Panne’ से लिया गया है जिसका मतलब होता है खराबी।

यह फ्लाइट एयरबस A320 नियो थी जिसमें दो इंजन होते हैं। ऐसे विमान एक इंजन से भी सुरक्षित लैंडिंग कर सकते हैं। पायलट ने तकनीकी गड़बड़ी महसूस होते ही सभी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए फ्लाइट को डायवर्ट कराया और मुंबई एयरपोर्ट पर उतारा।

इंडिगो एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा “16 जुलाई को दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट 6E 6271 में टेकऑफ के बाद तकनीकी खराबी पाई गई। सभी सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान को मुंबई डायवर्ट किया गया और सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट दोबारा उड़ान भरने से पहले पूरी जांच की जाएगी।”

सभी 191 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है। एयरलाइन ने जल्द ही फ्लाइट को फिर से शुरू करने की बात कही है।