बिहार में 1 सितंबर से शुरू होगी ऑनलाइन बस टिकट बुकिंग, पटना से दिल्ली, कोलकाता, रांची समेत अन्य रूट पर सुविधा…

Azad Reporter desk: बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) 1 सितंबर से यात्रियों के लिए ऑनलाइन बस टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू करने जा रहा है। इसके तहत यात्री बीएसआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अन्य लोकप्रिय ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से अपनी सीट आसानी से बुक कर सकेंगे। पटना से दिल्ली, कोलकाता, रांची और अन्य प्रमुख शहरों के लिए यह सुविधा उपलब्ध होगी।
बीएसआरटीसी के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा ने बताया कि डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए यह कदम उठाया गया है ताकि यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतारों में खड़ा न होना पड़े और उनका समय बच सके। इस सुविधा में UPI, Debit/Credit Card और नेट बैंकिंग जैसे डिजिटल भुगतान विकल्प भी शामिल होंगे।
BSRTC ने ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया को आसान और यात्रियों के लिए उपयोगकर्ता अनुकूल बनाया है। इसके साथ ही हेल्पलाइन नंबर और ग्राहक सेवा भी शुरू की जाएगी जिससे किसी भी समस्या में मदद मिलेगी। खासकर त्योहारों और छुट्टियों में टिकट बुकिंग अब ज्यादा सरल हो जाएगी।
इसके अलावा बिहार में महिलाओं के लिए 80 पिंक बसें, 500 एसी और नॉन-एसी अंतरराज्यीय बसें और 400 पीएम इलेक्ट्रिक बसें जल्द ही चलाने की योजना है। इन बसों में रेलवे की तरह अग्रिम टिकट बुकिंग, सीट चयन, डिजिटल टिकट और रूट जानकारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
बीएसआरटीसी ने केनरा बैंक के साथ भी 12 जुलाई को समझौता किया है जिससे स्वचालित किराया संग्रहण मशीनें भी बसों में लगाई जाएंगी। वर्तमान में BSRTC के 804 बसों में रोजाना 56 हजार से अधिक यात्री यात्रा करते हैं और लगभग 34 लाख रुपये का राजस्व होता है।
यह नई ऑनलाइन टिकटिंग सुविधा न केवल यात्रियों के लिए आरामदायक होगी बल्कि BSRTC की आय बढ़ाने में भी मदद करेगी।


