14 अगस्त को सरकारी स्कूलों में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी जाएगी विशेष श्रद्धांजलि…

Jharkhand: झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने 14 अगस्त को सभी सरकारी विद्यालयों में दिशोम गुरु और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के निर्देश जारी किए हैं।
निर्देश के अनुसार, सुबह की प्रार्थना सभा के बाद छात्रों और शिक्षकों द्वारा शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा और एक मिनट का मौन रखा जाएगा। इसके बाद उनके जीवन, संघर्ष और झारखंड राज्य निर्माण में योगदान पर प्रेरक सत्र आयोजित होगा।
विद्यालय परिसर में उनका चित्र सुरक्षित स्थान पर प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर विभाग के मुख्यालय को भेजी जाएगी।
शिबू सोरेन का निधन 4 अगस्त 2025 को दिल्ली में हुआ था। यह आयोजन उनके योगदान को सम्मानित करने और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरित करने के लिए किया जा रहा है।


