PTI06122025000357B

अब जल्द आएगा एयर इंडिया प्लेन क्रैश का सच सामने, ब्लैक बॉक्स की जांच हुई शुरू…

खबर को शेयर करें
PTI06122025000357B

Azad Reporter desk:12 जून को अहमदाबाद में लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के क्रैश मामले में बड़ी जानकारी सामने आई है। नागर विमानन मंत्रालय ने बताया है कि विमान के ब्लैक बॉक्स के दोनों हिस्सों को दिल्ली स्थित विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की लैब में पहुंचा दिया गया है जहां डाटा को सुरक्षित रूप से निकालकर उसकी जांच की जा रही है। जल्द ही यह सामने आएगा कि हादसा किस कारण हुआ।

ब्लैक बॉक्स में दो अहम डिवाइस होती हैं कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) और फ्लाइट डाटा रिकॉर्डर (FDR)। मंत्रालय के अनुसार हादसे के एक सप्ताह के भीतर ये दोनों उपकरण बरामद कर लिए गए थे। CVR को 13 जून को एक इमारत की छत से और FDR को 16 जून को मलबे से निकाला गया। इसके बाद इन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच अहमदाबाद में रखा गया और फिर 24 जून को भारतीय वायुसेना के विमान से दिल्ली लाया गया।

दिल्ली पहुंचने के बाद AAIB की टीम ने NTSB (अमेरिका की राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड) के विशेषज्ञों के साथ मिलकर इनसे डाटा निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी। ‘क्रैश प्रोटेक्शन मॉड्यूल’ को 24 जून की शाम को सुरक्षित रूप से निकाला गया और 25 जून को ‘मेमोरी मॉड्यूल’ से डाटा डाउनलोड कर लिया गया। अब इन डाटा का विश्लेषण किया जा रहा है जिससे हादसे की असली वजह सामने आएगी।

इस हादसे की जांच के लिए गृह सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन भी किया गया है। यह समिति दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुझाव भी देगी।

गौरतलब है कि 12 जून को एयर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरते ही एक मेडिकल हॉस्टल के परिसर में क्रैश हो गया था। इस हादसे में फ्लाइट में सवार 242 यात्रियों में से 241 लोगों की मौत हो गई थी।

सरकार ने अब जाकर इस हादसे की जांच की पूरी प्रक्रिया और ब्लैक बॉक्स से जुड़े अपडेट साझा किए हैं। इससे पहले हादसे की जांच को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी।