झारखंड में अब प्रज्ञा केंद्रों पर नया आधार कार्ड नहीं बनेगा, केवल मिलेगी ये सुविधा, जानें सब कुछ…

Jharkhand: झारखंड में अब प्रज्ञा केंद्रों पर नया आधार कार्ड बनाने की सुविधा बंद कर दी गई है। इन केंद्रों पर अब केवल आधार अपडेट का काम होगा। यहां मोबाइल नंबर, पता और ईमेल जैसी जानकारी ही सुधारी जा सकेगी।
राज्य सरकार ने गड़बड़ी और फर्जीवाड़ा रोकने के लिए UIDAI के साथ नया करार किया है। इसके तहत अब इन केंद्रों के संचालकों को छुट्टी के दिन आधार किट चलाने या उसे घर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
नई व्यवस्था के अनुसार पंचायत भवन, वार्ड कार्यालय या शहरी निकाय के दफ्तरों में चल रहे प्रज्ञा केंद्रों पर नया आधार कार्ड नहीं बनेगा। केवल आधार अपडेट ही होगा।
अब संचालक केवल सरकारी परिसरों में ही किट का इस्तेमाल कर सकेंगे और यह पूरा काम उपायुक्त (डीसी) की निगरानी में होगा। जिला स्तर पर डीसी ही इन केंद्रों के प्रशासनिक अधिकारी होंगे और उन्हीं के कार्यालय से सरकारी परिसर आवंटित किए जाएंगे।
सरकार ने साफ किया है कि आधार से जुड़ी सभी गतिविधियां अब पूरी तरह नियम और निगरानी में होंगी, ताकि गड़बड़ी की कोई गुंजाइश न रहे।

