अब लड़कियां भी नहीं रहीं पीछे! वसूली में भी लड़कों को दे रहीं टक्कर, गुजरात से गिरिडीह पहुंचीं 22 युवतियां पकड़ी गईं अवैध वसूली करते…

Azad Reporter desk: कहते हैं लड़कियां अब हर क्षेत्र में लड़कों से आगे निकल रही हैं!!तो फिर वसूली में पीछे क्यों? गिरिडीह में एक मामला सामने आया है जहां गुजरात से आई 22 युवतियां गिरिडीह– धनबाद रोड पर ड्रामा कर राहगीरों से अवैध वसूली करती पकड़ी गईं।हालांकि पूछताछ के बाद सभी को पीआर बांड पर रिहा कर वापस गुजरात भेज दिया गया है। ये सभी लड़कियां अहमदाबाद के बटवा थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं।
रविवार को गिरिडीह-डुमरी मुख्य पथ के टोल टैक्स के पास 8 युवतियां राहगीरों को हाथ देकर रोक रही थीं और फिर नाटक कर दान के नाम पर पैसे वसूल रही थीं। स्थानीय लोगों को जब शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो के निर्देश पर पुलिस ने मौके से लड़कियों को पकड़ा और थाने ले गई।
जांच में पता चला कि शहर के रंजीत रेस्ट हाउस में इनके साथ 14 और लड़कियां ठहरी हैं। महिला थाना प्रभारी दीपमाला कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर बाकी 14 लड़कियों को भी हिरासत में लिया।
पूछताछ में युवतियों ने स्वीकार किया कि वे ‘प्राकृतिक आपदा’ और अन्य बहानों के जरिए लोगों से पैसा वसूल रही थीं। फिलहाल सभी को चेतावनी देकर रिहा कर दिया गया है।