1000224492

अब हर यात्री कोच और इंजन में लगेंगे CCTV कैमरे, रेलवे ने बढ़ाई सुरक्षा…

खबर को शेयर करें
1000224492

Azad Reporter desk: यात्रियों की सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। अब सभी यात्री ट्रेनों के कोच और इंजनों में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इस योजना के तहत देशभर में करीब 74,000 कोच और 15,000 इंजन में हाई क्वालिटी CCTV कैमरे लगाए जाएंगे।

प्रत्येक कोच में 4 कैमरे और हर इंजन में 6 कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे ट्रेन की तेज रफ्तार (100 किमी प्रति घंटे से ज्यादा) और कम रोशनी में भी साफ वीडियो रिकॉर्ड करेंगे। कैमरे इस तरह लगाए जाएंगे कि यात्रियों की निजता बनी रहे यानी दरवाजों और सामान्य आने-जाने वाले रास्तों पर कैमरे लगाए जाएंगे।

रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इस योजना की समीक्षा की। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि उत्तर रेलवे में इसके सफल परीक्षण हो चुके हैं और अब इसे देशभर में लागू किया जाएगा।

CCTV कैमरे 360-डिग्री कवरेज देंगे। हर इंजन के आगे पीछे और दोनों तरफ कैमरे होंगे। इंजन के कैब में डोम कैमरे के साथ-साथ 2 माइक्रोफोन भी लगाए जाएंगे, जिससे हर गतिविधि की निगरानी हो सके।

रेलवे ने यह भी बताया कि ये कैमरे एसटीक्यूसी प्रमाणित और अत्याधुनिक तकनीक से लैस होंगे। साथ ही इंडिया एआई मिशन के तहत CCTV से मिले डेटा का एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के जरिए विश्लेषण किया जाएगा ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

रेलवे का मानना है कि इस फैसले से सुरक्षा बढ़ेगी शरारती तत्वों की पहचान होगी और ट्रेनों में यात्रियों को और अधिक सुरक्षित माहौल मिलेगा।