झारखंड के अब सभी सरकारी अस्पतालों में मिलेगी मुफ्त Wi-Fi सुविधा, मरीजों और उनके परिजनों को मिलेगा डिजिटल लाभ…

Jharkhand: झारखंड सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में मुफ्त Wi-Fi सुविधा शुरू करने की घोषणा की है। इस सुविधा का लाभ अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों को मिलेगा।
सरकार की ओर से बताया गया कि मरीज और उनके अटेंडेंट अब अस्पताल में रहते हुए मुफ्त इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जानकारी सरकारी योजनाएं और अन्य जरूरी डिजिटल सेवाओं तक आसानी से पहुंच मिल सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार ने बताया कि यह पहल डिजिटल हेल्थकेयर की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि इससे मरीजों को अस्पताल में इंतजार के समय में जानकारी हासिल करने में मदद मिलेगी।
BSNL की मदद से अगले एक महीने के अंदर सभी जिला अस्पतालों में वाई-फाई की सुविधा चालू कर दी जाएगी। इसके बाद अगले 6 महीनों में सभी CHC (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) और PHC (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) को भी इस सेवा से जोड़ा जाएगा।
सरकार का मानना है कि यह सुविधा न सिर्फ मरीजों की जागरूकता बढ़ाएगी बल्कि अस्पतालों में पारदर्शिता और सेवा की गुणवत्ता में भी सुधार लाएगी।

