झारखंड के अब 360 हाई स्कूल बनेंगे प्लस टू स्कूल…

Jharkhand: झारखंड सरकार ने राज्य में इंटरमीडिएट (प्लस टू) शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 360 हाई स्कूलों को अपग्रेड करने की योजना बनाई है। इसके लिए सरकार ने केंद्र से 3600 करोड़ रुपये की सहायता मांगी है। शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने यह प्रस्ताव केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सौंपा है। योजना के तहत हर जिले में 15 हाई स्कूलों को प्लस टू स्कूल बनाया जाएगा। प्रत्येक स्कूल पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च कर लैब, पुस्तकालय, शौचालय और अतिरिक्त कक्षाएं बनाई जाएंगी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद डिग्री और अंगीभूत कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई बंद हो गई है। हर साल करीब 5 लाख छात्र मैट्रिक पास करते हैं लेकिन प्लस टू स्कूलों की संख्या कम होने के कारण उन्हें आगे पढ़ाई में परेशानी होती है।
सरकार ने स्कूलों के समग्र विकास के लिए कुल 4440 करोड़ रुपये की मांग की है। इसमें आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास, स्किल बेस्ड शिक्षा और विज्ञान प्रयोगशाला जैसी सुविधाओं के लिए अलग बजट का प्रस्ताव दिया गया है।
रामदास सोरेन का कहना है कि यह कदम राज्य में शिक्षा का स्तर सुधारने और छात्रों को बेहतर अवसर देने में मील का पत्थर साबित होगा।

